Advertisement

कसमार के बगदा में सामाजिक नाटक पराजय का मंचन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के जय भवानी क्लब बगदा की ओर से बीते दिनों सामाजिक नाटक पराजय का मंचन किया गया। इस आयोजन ने गांव की समृद्ध नाट्य परंपरा और सांस्कृतिक गतिविधियों को एक बार फिर जीवंत करने का अवसर प्रदान किया।

जानकारी के अनुसार आयोजित नाटक के माध्यम से सामाजिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर कसमार के अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। फीता काट कर उन्होंने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। सात दशक से चल रही ‌यहां‌ की नाट्य मंचन का उन्होंने प्रशंसा करते कलाकारों को प्रोत्साहित भी किया।

ज्ञात हो कि, प्रस्तुत नाटक के विभिन्न पात्रों को स्थानीय कलाकारों ने अपने अभिनय से जीवंत किया। नाटक में दीवान भूपेन्द्र सिंह की भूमिका सुरेन्द्र प्रजापति, चौधरी भुजंगम सिंह की भूमिका सिद्धेश्वर प्रजापति, कृशानु की भूमिका समीर कुमार भट्टाचार्य ने तथा रणजीत सिंह की भूमिका मिथलेश पांडेय ने निभाई। वहीं, कुम्भा के रूप में रौशन सिंह, तुरगम के रूप में फागु महतो और श्याम सिंह के रूप में भूषण महतो ने अभिनय किया। महिला पात्रों में सांवली की भूमिका अंकिता कुमारी तथा गौरी की भूमिका मनीषा कुमारी ने निभाई। नाटक का निर्देशन सुधीर स्वर्णकार ने, जबकि पार्श्व निर्देशन की जिम्मेदारी संजय कुमार सिंह ने संभाली। रूप-सज्जा का कार्य भूषण महतो ने किया और मंच संचालन मनोज कपरदार ने किया।

नाटक के मंचन से पूर्व गांव के दिवंगत कलाकार कृष्ण किशोर कपरदार, जिन्हें रहिवासी स्नेहपूर्वक गुड्डा के नाम से जानते थे, के प्रति शोक व्यक्त किया गया। इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को याद किया गया। ज्ञात हो कि गुड्डा जय भवानी क्लब के नाट्य मंच के सक्रिय कलाकार थे। वे अपने हास्य अभिनय और मिमिक्री के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे। सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। उनका निधन गांव की सांस्कृतिक और नाट्य गतिविधियों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

सामाजिक नाटक पराजय का मंचन जय भवानी क्लब बगदा की सांस्कृतिक विरासत और नाट्य परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा। ऐसे आयोजन न केवल ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि ग्रामीण परंपरा को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *