उप विकास आयुक्त को बनाया गया मेगा कैंप अभियान का वरीय पदाधिकारी
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। एसआईआर के तहत दस्तावेज सत्यापन, सुनवाई एवं लंबित मामलों के निष्पादन की प्रगति को लेकर 9 अक्टूबर को बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त (डीईओ-सह-डीसी) अजय नाथ झा ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मेगा कैंप के सफल आयोजन, सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने, मतदाताओं को जागरूक करने तथा विशेष शिविरों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दी।
डीईओ-सह-डीसी ने कहा कि एसआईआर-2026 के तहत पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समय सीमा में लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि मेगा कैंप के दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाताओं से आवश्यक प्रपत्र प्राप्त करने, दस्तावेज संबंधी समस्याओं के समाधान तथा लंबित मामलों में सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मेगा कैंप के निर्धारित समय के बाद डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा, ताकि प्राप्त प्रपत्रों एवं दस्तावेजों का समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
समीक्षा बैठक में कहा गया कि मेगा कैंप अभियान के प्रभावी संचालन एवं अनुश्रवण के लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को अभियान का वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। उन्हें अभियान की तैयारियों, संबंधित पदाधिकारियों के बीच समन्वय तथा कैंप की प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मेगा कैंप के दौरान बीएलओ को सहयोग उपलब्ध कराने के लिए जेएसएलपीएस की दीदियों की सहायता लेने का निर्देश दिया गया। उनके माध्यम से मतदाताओं को कैंप की जानकारी देने, आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने में मदद ली जाएगी।
समीक्षा क्रम में डीईओ-सह-डीसी झा ने कहा कि मेगा कैंप के दौरान सर्वाधिक प्रपत्र प्राप्त एवं संग्रह करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने वाले बीएलओ एवं अन्य प्रतिनियुक्त कर्मियों का एक दिन का वेतन एवं मानदेय स्थगित रखा जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दें।
इस अवसर पर जिला के हद में बीएस सिटी एवं चास शहरी क्षेत्र में बीएलओ एवं अन्य प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए धावा दल का गठन किया गया है। धावा दल क्षेत्र में भ्रमण कर कैंपों की स्थिति एवं कर्मियों की उपस्थिति की जांच करेगा। इसका उद्देश्य मेगा कैंप का सुचारु संचालन सुनिश्चित करना तथा मतदाताओं को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में आगामी 12 से 16 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विशेष शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीईओ-सह-डीसी ने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे गांवों, टोलों एवं बसावटों की सूची तत्काल उपलब्ध कराएं, जहां मतदाताओं के सहयोग के लिए विशेष शिविर लगाएं जाने की आवश्यकता है। सूची के आधार पर आवश्यकतानुसार शिविरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करें, ताकि एसआईआर के तहत दस्तावेज सत्यापन, सुनवाई एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को गति मिल सके और पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। कहा कि इससे कोई भी पात्र मतदाता छूटेगा नहीं। बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply