महाप्रबंधक को पत्र देकर की संबंधित अधिकारी के स्थानांतरण पर रोक की मांग
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के अवार्डधारी मजदूरों ने महाप्रबंधक को आवेदन देकर स्वांग वाशरी के सहायक प्रबंधक एचआर/ई-3 सूर्य प्रताप सिंह के स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की है। महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे दर्जनों अवार्डी मजदूरों का नेतृत्व डिवीजन सिंह कर रहे थे।
इस बावत अवार्डधारी मजदूरों का कहना है कि उनके वर्षों से लंबित कानूनी मामले की उन्हें पूरी जानकारी है और मामले के निपटारे में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जानकारी के अनुसार 4 सितंबर को महाप्रबंधक ए. के. बी. सिंह को प्रेषित आवेदन में मजदूरों ने बताया कि वे केंद्रीय सरकार औद्योगिक प्राधिकरण-1, धनबाद के पत्रांक संख्या 58/1992 के अवार्डधारी हैं। उनकी पहचान से संबंधित Misc. Case No. 05/17 सहित अन्य मामलों में न्यायिक प्रक्रिया चल रही है। मजदूरों के अनुसार बीते 29 मई को हुई वार्ता में प्रबंधन ने मामले के निपटारे के लिए तीन माह का समय लिया था, जिसकी अवधि अब पूरी हो चुकी है।
उपस्थित मजदूरों ने कहा कि मामला अंतिम चरण में है और धनबाद प्राधिकरण में पहचान संबंधी प्रक्रिया के दौरान सहायक प्रबंधक एचआर सूर्य प्रताप सिंह की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में उनके स्थानांतरण से मामले की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है। मजदूरों ने प्रबंधन से न्यायहित में मामले के अंतिम निपटारे तक उनके स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की है। इसे लेकर अवार्डधारी मजदूरों के पक्षकार झामुमो नेता मुमताज आलम ने कहा कि सीसीएल कथारा क्षेत्रीय प्रबंधन जानबूझकर मामले को लटकाये रखना चाह रही है। इसी का परिणाम है मामले से जुड़े अहम कड़ी सहायक प्रबंधक एचआर सूर्य प्रताप सिंह का बेवजह स्थानांतरण।
![]()













Leave a Reply