रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 सितंबर को जिला के हद में चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला लदा एक ट्रक जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार बीते 11 सितंबर को देर रात चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नावाडीह के समीप मुख्य पथ पर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से कोयले का प्रेषण करते हुए ट्रक क्रमांक-JH02V/4551 को पकड़ा गया। जांच के दौरान ट्रक चालक द्वारा कोयला परिवहन से संबंधित किसी तरह का वैध कागजात या चालान नहीं दिखाया गया।
बताया जाता है कि पेपर नहीं दिखाए जाने के कारण उक्त कोयला लोड ट्रक को विधिवत जब्त कर चास मुफस्सिल थाना को सुपुर्द कर दिया गया। छापेमारी अभियान में बोकारो के खान निरीक्षक अजय कुमार महतो, खान निरीक्षक सीताराम टुडू और पुलिस बल मौजूद थे। मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध कोयला कारोबार किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा। अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
![]()













Leave a Reply