Advertisement

अर्पिता महिला मंडल द्वारा 32 जरूरतमंदों को दिए गये सब्जी व् चाट के ठेले

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची में स्थित सीसीएल की महिला सामाजिक संगठन अर्पिता महिला मंडल के सौजन्य से 2 सितंबर को जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सहयोग और सशक्तिकरण के उद्देश्य से कल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल अर्पिता महिला मंडल सीसीएल रांची की अध्यक्षा प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में तथा उपाध्यक्ष सहित मुख्यालय एवं सभी 15 महिला समितियों के सक्रिय सहयोग से आयोजित की गई।

सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग के अनुसार अर्पिता महिला मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान 32 चयनित जरूरतमंद लाभार्थियों को सब्जी के ठेले एवं चाट के ठेले प्रदान किए गए। कहा गया कि इस पहल का उद्देश्य लाभार्थियों को स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें तथा सम्मानपूर्वक आजीविका अर्जित कर सके। बताया गया कि स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ अर्पिता महिला मंडल द्वारा लाभार्थियों को तत्काल सहायता भी प्रदान की गई। इस क्रम में किराना सामग्री से भरे बैग एवं खाद्य पैकेट वितरित किए गए।

इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने कहा कि जरूरतमंदो को केवल तत्काल सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाना अर्पिता महिला मंडल के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि छोटे स्तर पर शुरू किया गया व्यवसाय भी किसी परिवार के लिए स्थायी आजीविका और बेहतर भविष्य का आधार बन सकता है।

वितरण कार्यक्रम में मुख्यालय सहित सभी 15 महिला समितियों की सक्रिय सहभागिता ने सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत किया। महिला मंडल की इस पहल से लाभार्थियों में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। लाभार्थियों ने अर्पिता महिला मंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ठेला एवं अन्य सहयोग मिलने से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और अपने परिवार के लिए सम्मानजनक आजीविका अर्जित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस सहयोग को आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

ध्यान देने योग्य है कि अर्पिता महिला मंडल की यह पहल सेवा, करुणा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। जरूरतमंदों को सहायता के साथ-साथ स्वरोजगार से जोड़ने की यह पहल समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *