Advertisement

अमर शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी की 81वीं पुण्यतिथि पर सबलपुर में दी गई श्रद्धांजलि

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर दियारा की ऐतिहासिक भूमि के अमर सपूत, स्वतंत्रता सेनानी शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी की 81वीं पुण्यतिथि 30 अगस्त को श्रद्धा और सादगी के साथ मनाई गई।

जानकारी के अनुसार सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत भवन परिसर स्थित उनके स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य जनों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया और उनके संघर्षमय जीवन को याद किया। समारोह में सबलपुर मध्यवर्ती के सरपंच दिलीप सिंह, पूर्व मुखिया सह भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, किसान नेता ब्रजकिशोर शर्मा, जेपी सेनानी धर्मनाथ शर्मा, राजीव कुमार, अविनाश शर्मा, सुशांत शेखर, युवराज शर्मा और शहीद के भतीजा प्रेमनाथ शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी का सम्पूर्ण जीवन देश की स्वतंत्रता और किसानों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। वे महान किसान नेता स्वामी सहजानंद सरस्वती के प्रमुख सहयोगी थे। स्वामी सहजानंद ने अपने लेखन में उन्हें सारण के अग्रणी किसान साथियों में गिना है। वक्ताओं ने बताया कि अमवारी किसान सत्याग्रह उनके जीवन का स्वर्णिम अध्याय था, जहाँ उन्होंने स्त्री-पुरुषों को संगठित कर सीवान तक ऐतिहासिक किसान जुलूस का नेतृत्व किया। किसान बंदियों के अधिकारों के लिए उन्होंने छपरा जेल में लगभग 90 दिनों तक अनशन किया था।

वक्ताओं ने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत और जमींदारी शोषण के विरुद्ध अनवरत संघर्ष करते हुए 30 अगस्त 1945 को उन्होंने हजारीबाग जेल में अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनके ऐतिहासिक योगदान को अब राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। इसी वर्ष अमेरिकी इतिहासकार प्रो. विलियम आर. पिंच ने सबलपुर पहुँचकर उनके पैतृक परिवार और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके जीवन और किसान आंदोलन पर शोध के लिए जानकारी जुटाई।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी की शहादत देश की अमूल्य धरोहर है और उनके विचारों-आदर्शों को जीवंत रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम का समापन उनके स्मारक स्थल को संरक्षित एवं विकसित करने के संकल्प, शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी अमर रहें तथा भारत माता की जय के उद्घोष के साथ किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *