Advertisement

अभाविप का अग्निशिखा युक्ति सम्मेलन सह छात्रा संवाद में 750 छात्राओं ने लिया भाग

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) उत्तर बिहार, सोनपुर इकाई द्वारा छात्राओं व युवतियों में जागरूकता हेतु अग्निशिखा युक्ति सम्मेलन सह छात्रा संवाद का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 9 अक्टूबर को सारण जिला के हद में सोनपुर के वीआर फॉर्म्स में आयोजित किया गया।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता की भावना विकसित करना था। सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा, महिला सुरक्षा, व्यक्तित्व विकास, रोजगार एवं कौशल विकास, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष चर्चा की गई।

छात्राओं को संवाद के माध्यम से सामाजिक समरसता और वर्तमान नारी परिदृश्य पर अपने विचार साझा करने का अवसर भी दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अभाविप राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रोफेसर पूनम सिंह ने कहा कि छात्राएं केवल शिक्षा ग्रहण करने वाली विद्यार्थी नहीं हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं।

शिक्षिका सुषमा कुमारी ने कहा कि आज की लड़कियां किसी से कम नहीं है। वे धरती से लेकर अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में कार्य कर रही है। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ ऋतंभरा गौतम सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम का मंच संचालन राजनंदनी कुमारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रांत सह मंत्री यशवंत कुमार, विभाग संगठन मंत्री सुयानंद, अभय सिंह, डॉ पंकज, प्रांत सोशल मीडिया सह संयोजक वर्षा रानी, जिला संयोजक धीरज गुप्ता, नगर मंत्री आर्यन कुमार, सह मंत्री राजीव कुमार, रोहन कुमार, निशा कुमारी, राधा कुमारी, योग शिक्षिका सलोनी कुमारी, अंजली कुमारी, अभिषेक कुमार, मोहम्मद नूरैन, रीमा कुमारी, रिया कुमारी, प्रियंका कुमारी सहित कुल 750 छात्राएं उपस्थित रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *