Advertisement

स्वर्णिम पंच से चमके डीएवी नोवामुंडी के लाल: राहुल व् भरत का डीएवी नेशनल में चयन

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी के विद्यार्थियों ने डीएवी सीसीएल एनटीएस बरकाकाना रामगढ़ में आयोजित जोनल स्तर की मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्कूल के दो होनहार खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर पदक अपने नाम किए।

जानकारी के अनुसार जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग के अंतर्गत डीएवी नोवामुंडी के कक्षा 12वीं ‘ए’ के छात्र राहुल बोबोंगा ने 60 से 64 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्णिम पंच लगाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, अंडर-17 वर्ग में कक्षा 8वीं के छात्र भरत सिंह गोंड ने 46 से 48 किलोग्राम भार वर्ग में कड़े मुकाबले के बीच रजत पदक हासिल किया।

जोनल लेवल पर उपरोक्त दोनों खिलाड़ियों का चयन उनकी इस शानदार उपलब्धि के आधार पर डीएवी नेशनल के लिए किया गया है, जहां वे अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। छात्रों की इस बड़ी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यालय की प्राचार्या शशिकला एवं समस्त शिक्षक वृंद ने दोनों विजेताओं को बधाई दी। प्राचार्या शशिकला ने कहा कि यह टाटा डीएवी नोवामुंडी परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।

कहा कि दोनों छात्रों ने अपनी कड़ी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि अनुशासन और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। पूरे विद्यालय परिवार ने राहुल बोबोंगा और भरत सिंह गोंड को आगामी डीएवी नेशनल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *