डॉ राहुल राज ने एनडीए समर्थित आनंद पुष्कर को 1815 वोटों से दी मात
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भाजपा के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी डॉ राहुल राज ने एनडीए समर्थित प्रत्याशी आनंद पुष्कर को 1815 मतों के अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की है।
चुनाव के अंतिम परिणामों के अनुसार डॉ राहुल राज को कुल 4,965 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनडीए के आनंद पुष्कर 3,150 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अफाक अहमद 2,454 मत पाकर तीसरे और राजद प्रत्याशी जयराम यादव 1,708 मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
बताया जाता है कि बीते 27 अक्टूबर को मतगणना की शुरुआत से ही डॉ राहुल और आनंद के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में ही डॉ राहुल ने 2,723 मत हासिल कर बढ़त बना ली थी। इसके बाद, एलिमिनेशन राउंड में आफाक के बाहर होने के बाद निर्दलीय डॉ राहुल की स्थिति और अधिक मजबूत हो गई, जिससे उन्होंने अपनी स्पष्ट जीत सुनिश्चित कर ली।
जीत की घोषणा के बाद समर्थकों ने आतिशबाजी कर और ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर जश्न मनाया। राजनीतिक विश्लेषक इस परिणाम को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देख रहे हैं। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण भाजपा ने डॉ राहुल को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। बावजूद इसके उन्होंने निर्दलीय मैदान में उतरकर जीत हासिल की।जीत के बाद भाजपा में घर वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि, मेरी विचारधारा से सभी परिचित हैं, लेकिन पार्टी में लौटने का अंतिम फैसला मैं शिक्षकों पर छोड़ता हूं। वर्तमान में वे जिला के हद में रिविलगंज के प्रखंड प्रमुख भी हैं।
अपनी जीत के बाद 28 अक्टूबर को डॉ राहुल राज ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि शिक्षकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं। कार्यालयों में उनके बैठने की उचित व्यवस्था और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने विधान परिषद में शिक्षकों की समस्याओं को पूरी मजबूती से उठाने और उनके मान-सम्मान व सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।
![]()













Leave a Reply