Advertisement

विधायक के प्रयास से सननन्दा के टोला कलासाईं में लगा 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर

पुराने ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों को बिजली समस्या से राहत

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में जगन्नाथपुर प्रखंड के सननन्दा पंचायत टोला कलासाईं में पिछले कई दिनों से खराब पड़े ट्रांसफार्मर के स्थान पर 28 अक्टूबर को 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया।

जानकारी के अनुसार जगन्नाथपुर विधायक सह झारखंड विधानसभा में उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु के प्रयास से ग्रामीणों की बिजली संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में यह पहल की गई। यहां पुराने 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह अधिक क्षमता वाला 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।

बताया जाता है कि विधायक की अनुपस्थिति में जगन्नाथपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ललित कुमार दोरायबुरू ने नारियल फोड़कर नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। नए ट्रांसफार्मर के लगने से गांव में बिजली आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद जगी है। पिछले कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
ज्ञात हो कि आज के आधुनिक दौर में बिजली आमजनों के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। घरों में रोशनी, बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग, पेयजल की व्यवस्था सहित कई आवश्यक कार्य बिजली पर निर्भर हैं। ऐसे में ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर विद्यार्थियों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज प्रभावित होते हैं।

गांव में अधिक क्षमता का नए ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से ग्रामीणों को इन परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बिजली की समस्या के समाधान के लिए किए गए प्रयासों का स्वागत किया। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोरायबुरू ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली हमारे जीवन का अभिन्न अंग बन गई है। बिजली के बिना आज कई जरूरी कार्यों की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकु हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि विधायक अपने क्षेत्र की जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हैं और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहते हैं। कहा कि टोला कलासाईं में नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।

नए ट्रांसफार्मर के उद्घाटन के अवसर पर प्रखंड उपाध्यक्ष विक्रम हेंब्रम, सुशील हेस्सा, रंजीत गगराई, मथुरा लागुरी, मंगल सिंह लागुरी, विकास देवगम, डीसी देवगम, साहू देवगम, शिवा लागुरी, जसिंता लागुरी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *