Advertisement

मत्स्य पालन निर्माण में संवेदक द्वारा अनियमितता की जांच को ले उपायुक्त को ज्ञापन

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। तेनुघाट बांध विस्थापित संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष उमा चरण रजवार एवं सचिव पवन कुमार ठाकुर द्वारा तेनुघाट में मत्स्य विभाग की ओर से मत्स्य पालन के निर्माण में संवेदक द्वारा अनियमितता की जांच को लेकर उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा को ज्ञापन देकर जांच की मांग की गई है। संघ अध्यक्ष व् सचिव द्वारा मामले में सज्ञान लेते हुए तत्काल भुगतान पर रोक लगाने की मांग की गयी है।

ज्ञात हो कि, वित्तीय वर्ष 2026-27 में बोकारो जिला में केज रिपेयरिंग एवं केज रिमॉडलिंग कार्य में बरती गई कथित अनियमितताओं को लेकर एक बार फिर उपायुक्त बोकारो को शिकायत भेजी गई है। शिकायतकर्ता ग्राम पतकी मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड के सचिव हिमांशु केवट ने पूर्व में की गई शिकायत पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर पुनः जांच की मांग की है।

उपायुक्त को भेजे पत्र में शिकायतकर्ता ने कहा है कि ठेकेदार द्वारा कराए गए कार्यों में गंभीर गड़बड़ियां की गई हैं। शिकायत में 6 प्रमुख बिंदु उठाए गए हैं, जिसमें केज रिमॉडलिंग में नया सामान नहीं लगाने, केवल रंग-रोगन कर फोटो खिंचवाकर कार्यालय में जमा करने, पुराने एवं टूटे-फूटे सामान को लगाकर रंग-रोगन करने, निर्धारित मात्रा से कम सामान लगाने,  रिमॉडलिंग केज में सिंकर एवं रस्सी नहीं लगाने, अभी तक रिमॉडलिंग केज का ग्रो-आउटनेट जाल उपलब्ध नहीं कराने तथा अनियमितता के बावत पूछने पर शिकायतकर्ता को गुमराह करना शामिल है।

शिकायतकर्ता ने कहा है कि पूर्व शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी जांच नहीं हुई है। उन्होंने मत्स्य पालकों के हित को देखते हुए किसी सक्षम एवं स्वतंत्र पदाधिकारी दल से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही मांग की है कि जांच पूरी होने तक संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोका जाए। यदि जांच में सरकारी राशि के दुरुपयोग, घटिया सामग्री के उपयोग या फर्जी दस्तावेज की पुष्टि होती है तो राशि की वसूली, ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई और बोकारो जिले में भविष्य में सरकारी निविदा से ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की मांग की गयी है। शिकायत की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री, मत्स्य निदेशक रांची और जिला मत्स्य पदाधिकारी बोकारो को भी भेजी गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *