Advertisement

मंत्री व् पूर्व विधायक ने स्व. रामकिंकर महाराज के श्राद्धकर्म में शामिल होकर दी श्रद्धांजलि

प्रहरी संवाददाता/​कसमार (बोकारो)। झारखंड सरकार के मंत्री एवं गोमिया के पूर्व विधायक सहित दर्जनों गणमान्य जनों ने 29 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में कसमार स्थित स्वर्गीय रामकिंकर महाराज के श्राद्धकर्म में शामिल होकर श्रद्धांजलि दी। मौके पर उपस्थित दिवंगत के परिजनों को ढांढस दिया।

जानकारी के अनुसार राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ग्राम कसमार पहुँचे। वे यहाँ जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज के पिता स्वर्गीय रामकिंकर महाराज के आकस्मिक निधन पर आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। ​इस दौरान मंत्री ने दिवंगत की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और इस दुःख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया।

​ मौके पर ​मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वर्गीय रामकिंकर महाराज एक मिलनसार और समाजप्रेमी व्यक्तित्व थे। उनका यूं अचानक चले जाना क्षेत्र के लिए और महाराज परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस वज्राघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

विधायक प्रतिनिधि ​मोहम्मद शेरे आलम ने दिवंगत के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन सादगी और सामाजिक सद्भाव से परिपूर्ण रहा है। पूरा कसमार क्षेत्र इस दुःख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ा है। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष ​दिलीप हेमब्रम ने कहा कि यह हम सभी के लिए बेहद मर्माहत करने वाला समय है। रामकिंकर बाबू का मार्गदर्शन हमेशा हमें मिलता रहा है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हैं।

​ क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता गुणानंद महतो ने कहा कि क्षेत्र ने एक अभिभावक और नेकदिल इंसान को खो दिया है। उनके द्वारा समाज हित में किए गए कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।

गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने दिवंगत को दी श्रद्धांजलि

​जानकारी के अनुसार कसमार रहिवासी जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज के पिता कसमार पंचायत के पूर्व मुखिया एवं जाने-माने चिकित्सक स्वर्गीय राम किंकर महाराज के श्राद्ध कर्म में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो महाराज टोला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।

​इस दौरान महाराज टोला कसमार में क्षेत्र के कई गणमान्य यथा गुणानंद महतो, संजय कुमार महतो, श्रीधर महतो, राजू महतो समेत कई अन्य प्रबुद्ध जनों ने भी स्वर्गीय महाराज के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मौके पर ​पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दु:ख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा की स्वर्गीय राम किंकर महाराज का जाना कसमार क्षेत्र और हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक जनप्रिय नेता, कुशल पूर्व मुखिया और समर्पित चिकित्सक के रूप में हमेशा रहिवासियों के दिलों में जीवित रहेंगे। समाज के प्रति उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार तथा महाराज टोला के सभी परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *