अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं उनके सार्वजनिक जीवन में संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प महाअभियान को सारण जिला के हद में सोनपुर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की तैयारी तेज हो गई है।
इसी क्रम में भाजपा सोनपुर दक्षिणी एवं नगर मंडल की संयुक्त कार्यशाला 13 सितंबर को विधायक कार्यालय सोनपुर में आयोजित की गई। कार्यशाला में विधायक के नेतृत्व में दोनों मंडलों के पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि विधायक विनय सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प महा अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम बनकर न रह जाए, बल्कि इसका सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचे। उन्होंने पीएम मोदी के जन्मदिन को सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाते हुए पूरे महीने सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
विधायक ने सभी सरकारी भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने, आगामी 17 सितंबर को प्रत्येक बूथ पर आशीर्वाद का दिया जलाने तथा गतिविधियों को सरल ऐप पर अपलोड करने का निर्देश दिया।
विधानसभा प्रभारी राजेश ओझा, सीवान पश्चिमी जिला प्रभारी लालबाबू कुशवाहा और प्रदेश मीडिया प्रभारी नीलम राम भारती ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश सिंह ने प्रकृति एवं ऊर्जा संरक्षण को जन-जागरूकता से जोड़ने पर जोर दिया, जबकि युवाओं से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।
कार्यशाला के दौरान सोनपुर विधानसभा क्षेत्र में हरिहरनाथ मंदिर एवं अंबिका भवानी सहित निर्धारित धर्म स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों के लिए कक्षा 8 से 10 तक भाषण प्रतियोगिता तथा कक्षा 1 से 8 तक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके साथ ही आगामी 17 एवं 18 अक्टूबर को सामूहिक वंदे मातरम् गायन और इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के प्रस्तावित अभियान में जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कृष्णा राम, धनंजय सिंह, शशिभूषण सिंह, संजीव कुमार सिंह, महेश कुमार, मंगल राय, अविनाश कुमार, प्रिंस कुमार, सत्येंद्र नारायण सिंह, कृष्णनंदन दास, दुर्गा दास, राणा विमल सिंह, कुमार योगेश, सिमरन गौतम, कांति देवी, जयंत कुमार सिंह, राजन कुमार दास, पवन सिंह और आदर्श कुमार सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply