Advertisement

बोकारो में स्वास्थ्य क्रांति: आभा कार्ड से अब जेब में सुरक्षित रहेगा मेडिकल इतिहास

अब न पर्चे खोने का डर, न फाइल संभालने की झंझट: पेपरलेस इलाज की सुविधा

सिविल सर्जन ने बोकारोवासियों से की जल्द आभा कार्ड बनवाने की अपील

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। डिजिटल युग में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आभा के माध्यम से रहिवासी अपने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख सकते हैं। इससे उपचार के दौरान पुराने पर्चे, जांच रिपोर्ट एवं अन्य मेडिकल दस्तावेज साथ लेकर चलने की परेशानी काफी कम हो सकती है।

सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद ने 27 अगस्त को जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि आभा कार्ड बनवाकर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं तथा अपने महत्वपूर्ण स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित और व्यवस्थित रखें। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़कर रहिवासी अपने उपचार को और अधिक सुविधाजनक बना सकते हैं।

ज्ञात हो कि आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) एक 14 अंकों की विशिष्ट स्वास्थ्य पहचान संख्या है। इसके माध्यम से मरीज के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को एक स्थान पर लिंक एवं व्यवस्थित किया जा सकता है। इसमें मरीज के प्रिस्क्रिप्शन, लैब जांच रिपोर्ट, डिस्चार्ज समरी तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज डिजिटल रूप में उपलब्ध हो सकते हैं। इसका उद्देश्य रहिवासियों को ऐसी डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराना है, जिसमें आवश्यकता पड़ने पर उनके स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को आसानी से देखा और उचित सहमति के आधार पर साझा किया जा सके।

आभा कार्ड से मिलने वाले मुख्य लाभो में इलाज के समय पुराने रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध: अक्सर अस्पताल या डॉक्टर के पास जाते समय पुरानी जांच रिपोर्ट, पर्चियां या मेडिकल दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो पाते हैं। डिजिटल रिकॉर्ड होने से पूर्व के स्वास्थ्य दस्तावेजों को जरूरत के समय आसानी से देखा जा सकता है। कागजी फाइल संभालने की परेशानी कम: मरीज को हर बार पुरानी कागजी फाइल, जांच रिपोर्ट एवं प्रिस्क्रिप्शन साथ लेकर चलने की आवश्यकता कम हो सकती है। इससे स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेजों को डिजिटल रूप में व्यवस्थित रखने में सुविधा मिलती है।

मरीज की सहमति और गोपनीयता का ध्यान: डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड साझा करने में मरीज की सहमति महत्वपूर्ण है। मरीज की अनुमति के आधार पर ही संबंधित स्वास्थ्य रिकॉर्ड को अधिकृत स्वास्थ्य सेवा प्रदाता के साथ साझा किया जा सकता है। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच: आभा के माध्यम से मरीज विभिन्न डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।

ऑनलाइन अपॉइंटमेंट एवं टेली-कंसल्टेशन जैसी डिजिटल सुविधाओं से स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है। स्वास्थ्य रिकॉर्ड का बेहतर प्रबंधन: अलग-अलग समय पर कराई गई जांच, उपचार एवं चिकित्सकीय दस्तावेजों को डिजिटल माध्यम से व्यवस्थित रखने में मदद मिलती है, जिससे भविष्य में उपचार के दौरान उपयोगी जानकारी उपलब्ध हो सकती है।

बताया जाता है कि बोकारो जिले के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आभा बनाने की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध है। इसके अलावा रहिवासी अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र (सीएससी सेंटर) के माध्यम से भी आभा बनवा सकते हैं। रहिवासी चाहें तो उपलब्ध आधिकारिक डिजिटल माध्यम के जरिए अपने मोबाइल फोन से भी आभा बनाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आभा कार्ड बनाने के लिए आधिकारिक आभा पोर्टल पर जाएं। उपलब्ध विकल्पों में आधार कार्ड अथवा ड्राइविंग लाइसेंस के माध्यम से पंजीकरण का विकल्प चुनें। संबंधित पहचान संख्या दर्ज कर आवश्यक सहमति प्रदान करें। इसके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें।

प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 अंकों का आभा हेल्थ आईडी तैयार हो जाएगा। यदि आधार कार्ड मोबाइल नंबर से लिंक नहीं है, तो नजदीकी एबीडीएम से जुड़े स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध वैकल्पिक सत्यापन सुविधा के माध्यम से भी आभा बनवाने की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने जिलेवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक रहिवासी आभा बनवाकर डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ें। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड भविष्य में उपचार के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी को व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने में सहायक हो सकते हैं। अपने स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेजों को सुरक्षित रखते हुए आवश्यकता के अनुसार अधिकृत स्वास्थ्य सेवाओं में उनका उपयोग कर सकते हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *