रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बुंडू पंचायत में 22 अगस्त को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। बुंडू गांव में बंसी प्रसाद के घर के समीप लगाए गए 200 केवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो एवं पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
नया ट्रांसफार्मर चालू होने से आसपास के ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। ट्रांसफार्मर उद्घाटन के अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में बिजली की समस्या के कारण रहिवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नया ट्रांसफार्मर लगने से बिजली आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद है और घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यवसाय एवं अन्य आवश्यक कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बिजली व्यवस्था रहिवासियों की मूलभूत जरूरतों में शामिल है। उन्होंने कहा कि नए ट्रांसफार्मर के लगने से बुंडू पंचायत के संबंधित क्षेत्र के ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। कहा कि क्षेत्र में बिजली की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक स्तर पर पहल जारी रहेगी और ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
बुंडू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 200 केवीए के नए ट्रांसफार्मर के शुरू होने से ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति में राहत मिलेगी। उन्होंने इसके लिए सहयोग करने वाले सभी गणमान्य जनों के प्रति आभार जताया।
नए ट्रांसफार्मर के उद्घाटन के बाद ग्रामीणों ने पूर्व विधायक एवं मुखिया के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की बिजली समस्या को दूर करने में काफी मदद मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में इसी तरह पहल की जरूरत रहेगी।
![]()













Leave a Reply