खर्च के लिए पैसे मांगने पर हत्या, रेलवे पटरी पर फेंक दुर्घटना का रूप देने की साजिश
प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में चिचाकी रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे पटरी पर मिली अज्ञात युवती की लाश के मामले का बगोदर थाना पुलिस द्वारा उद्भेदन करने का दावा किया गया है। पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला है।
बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस ने सरिया थाना क्षेत्र के बंधखारो रहिवासी विनोद मंडल और उसकी पत्नी सविता देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और एक सफेद बोरा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार बीते 20 सितंबर को चिचाकी रेलवे स्टेशन के पोल संख्या 335/31 के समीप रेलवे पटरी पर एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया था। इस संबंध में गोमो रेल थाना में यूडी कांड संख्या 15/26 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान गोमो रेल थाना ने शून्य प्राथमिकी बगोदर थाना को भेजी। इसके बाद बगोदर थाना में कांड संख्या 205/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। सरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच करते हुए मामले का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सरिया थाना क्षेत्र के कपिलो रहिवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई। वह पिछले करीब छह से सात वर्षों से आरोपी विनोद मंडल के संपर्क में थी। मंडल कथित तौर पर मृतका के खाने-पीने और पढ़ाई-लिखाई के लिए कई बार नकद और ऑनलाइन माध्यम से पैसे देता था। मृतका प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी आरोपी से आर्थिक सहायता लेती थी।
पुलिस के मुताबिक, अप्रैल से अगस्त के बीच मृतका ने गुजरात सेंट्रल यूनिवर्सिटी और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में नामांकन के लिए आवेदन किया था। इसके लिए भी आरोपी ने भुगतान किया था। बाद में गुजरात सेंट्रल यूनिवर्सिटी और इग्नू में नामांकन की प्रक्रिया रद्द कर आंध्र प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने का निर्णय लिया। वहां चार सेमेस्टर की पढ़ाई के लिए लगभग 1.50 लाख रुपये की जरूरत थी।
पुलिस का आरोप है कि मृतका ने अपने परिवार से आर्थिक मदद नहीं मिलने पर आरोपी विनोद से एकमुश्त 1.50 लाख रुपये की मांग की। इसे लेकर मंडल कथित तौर पर परेशान रहने लगा और उसने हत्या की योजना बना ली। पुलिस के अनुसार आरोपी ने 19 सितंबर को मृतका को मिलने के बहाने बुलाया। इसके बाद वह उसे अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से अपने कमरे में ले गया। वहां दोनों के सोने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर मृतका के ऊपर चढ़कर उसके पैर पकड़ लिए और गले पर अत्यधिक दबाव डालकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच के मुताबिक उक्त घटना में आरोपी की पत्नी सविता देवी ने भी सहयोग किया। दोनों ने साक्ष्य छिपाने और हत्या को रेलवे दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच शव को एक सफेद बोरे में भरकर चिचाकी रेलवे स्टेशन के पोल संख्या 335/31 के समीप रेलवे पटरी पर फेंक दिया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक पल्सर मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या JH02BE-9754), सफेद रंग का प्लास्टिक बोरा और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
![]()













Leave a Reply