अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। ज्ञान और मोक्ष की भूमि बिहार के गयाजी में चल रहे पितृपक्ष मेला महासंगम में बीते 3 अक्टूबर की शाम भक्ति की अविरल धारा बही।
बिहार सरकार के पर्यटन विभाग, कला-संस्कृति एवं युवा विभाग तथा गयाजी जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सारण जिला के हद में सोनपुर के सुप्रसिद्ध सुगम संगीत गायक गोविंद वल्लभ ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्थानीय विष्णुपद मंदिर प्रांगण में बने मुख्य मंच से गोविंद वल्लभ ने कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से की। इसके बाद उन्होंने कभी प्यासे को पानी पिलाया नहीं, बाद अमृत पिलाने से क्या फायदा, किसी का दिल दुखाना नहीं चाहिए, मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है, मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई जैसे एक से बढ़कर एक लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रस्तुत भजन श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेवा पर पूरा पंडाल झूम उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। श्रोताओं ने उनकी प्रस्तुति की मुक्त कंठ से सराहना की। इस दौरान बैंजो पर कामाख्या नारायण और ढोलक पर रंजीत कुमार ने शानदार संगत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया।
![]()













Leave a Reply