Advertisement

नाबालिग किशोरी का अपहरण व् दुष्कर्म के बाद किया फोटो वायरल, आरोपी गिरफ्तार

प्रहरी संवाददाता/बीटीपीएस (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया थाना क्षेत्र के तेतरियाटांड़ में एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी का अपहरण करने के बाद जबरन दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। साथ ही आरोपी द्वारा फोटो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वायरल करने का आरोप है।

पीड़ित नाबालिग की मां ने गोमिया थाने में लिखित शिकायत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि बीते 23 अक्टूबर की शाम बगल के गांव अपनी दादी के घर पारिवारिक कार्यक्रम में पुत्री गई हुई थी। रात्रि में वापस घर लौटने के दौरान आरोपी युवक द्वारा नाबालिग पुत्री का कथित तौर पर अपहरण कर दुष्कर्म किया गया।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पीड़िता की फोटो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वायरल कर दिया। फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजनों को मामले की जानकारी मिली। जिसके बाद परिजन आरोपी युवक के घर पहुंचे और पीड़िता को बरामद किया। इसके बाद 28 अक्टूबर को परिजनों ने गोमिया थाने में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन के आधार पर गोमिया थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

इस बावत गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने बताया कि आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ गोमिया थाना में कांड संख्या 130/26 के तहत पोक्सो एक्ट एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कहा कि सोशल मीडिया से फोटो हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *