Advertisement

डीपीएस में पेड़ों को राखी बांध छात्राओं व शिक्षकों ने लिया पर्यावरण-रक्षा का संकल्प

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। भाई-बहन के पवित्र प्रेम, सुरक्षा और अटूट विश्वास के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो में एक बार फिर दूरगामी और प्रासंगिक चेतना के साथ अनूठे अंदाज में मनाया गया।

जानकारी के अनुसार पारंपरिक दायरों से आगे बढ़ते हुए विद्यालय परिसर में 27 अगस्त को वृक्ष-बंधन और मैत्री-बंधन का आयोजन किया गया, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रकृति के प्रहरी पेड़-पौधों को राखियां बांधकर उनकी हिफाजत का संकल्प लिया।

प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार के नेतृत्व में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों, शीर्ष प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने सीनियर इकाई के प्रांगण में वृक्षों को बड़ी-बड़ी कलात्मक राखियां बांधीं और उन्हें बचाने का प्रण लिया। वहीं, प्राइमरी इकाई के नन्हे छात्र-छात्राओं ने अपने छोटे-छोटे हाथों से बनाई गईं रंग-बिरंगी राखियां पेड़ों पर सजाकर पेड़ बचाओ, पृथ्वी बचाओ का प्रेरक संदेश दिया।

प्री-नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने कलाकृति-निर्माण गतिविधियों के तहत स्वयं राखियां बनाईं, जिन्हें सहपाठियों की कलाई पर बांधकर आपसी सौहार्द, समरसता और मैत्री का भाव भी व्यक्त किया।  इस अवसर पर प्राचार्य डॉ गंगवार ने सभी को रक्षा बंधन की बधाई देते हुए कहा कि यह त्योहार भाई-बहनों के बीच प्रेम, स्नेह, सुरक्षा और जिम्मेदारी के अटूट बंधन का प्रतीक है। प्रकृति-संरक्षण को लेकर जन-जागरुकता की दिशा में वृक्ष-बंधन एवं मैत्री-बंधन जैसे कार्यक्रमों की महत्ता रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे ही धरा के वास्तविक आभूषण हैं। अधिकाधिक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण से ही हम पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि नेपाल में आई त्रासदी जैसी प्राकृतिक आपदाओं को अधिकाधिक पेड़ लगाकर ही रोका जा सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इस दिशा में खूब बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। विदित हो कि डीपीएस बोकारो पर्यावरण-संरक्षण की दिशा में सतत प्रयत्नशील है। विद्यालय को तीन-तीन बार ग्रीन स्कूल अवार्ड से नवाजा जाना इन्हीं प्रयासों का प्रतिफल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *