Advertisement

छात्रों पर लाठीचार्ज की आजसू जिला सचिव बॉबी पटेल ने की घोर निंदा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर बीते 21 अगस्त को हुई पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज की आजसू पार्टी के बोकारो जिला सचिव बॉबी पटेल ने घोर निंदा की है।

उन्होंने 23 अगस्त को भेंट में कहा कि छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे हैं। कहा कि छात्रों ने बीते 21 अगस्त को विरोध प्रदर्शन करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इसी दौरान रांची, गिरिडीह और हजारीबाग सहित कई स्थानों पर छात्रों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया।

आजसू नेता बॉबी पटेल ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान बल प्रयोग के बजाय बातचीत और संवाद से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे राज्य के हजारों युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़े हैं।

सरकार को छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। कहा कि छात्र राज्य और देश का भविष्य हैं। उनकी आवाज को लाठी के बल पर दबाना उचित नहीं है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ तत्काल वार्ता की मांग की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *