एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड के श्रीमहावीर +2 हाई स्कूल बिजुलिया में 5 अक्टूबर को तंबाकू के हानिकारक प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्रा शामिल हुए।
सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देशानुसार एवं जिला परामर्शी मोहम्मद असलम के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी मधु कुमारी एएएम बिजुलिया द्वारा श्रीमहावीर +2 हाई स्कूल में विद्यार्थियों के बीच तंबाकू के हानिकारक प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादो के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि तंबाकू का सेवन मुंह के कैंसर, फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग एवं सांस संबंधी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बन सकता है।
सीएचओ मधु कुमारी ने विद्यार्थियों को सिगरेट, बीड़ी, खैनी, गुटखा एवं अन्य तंबाकू उत्पादों से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही कम उम्र में तंबाकू की लत लगने से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में भी जागरूक किया गया। लैब टेक्नीशियन उमेश कुमार ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों एवं किशोरों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना समय की जरूरत आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं तंबाकू से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी तंबाकू मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए तंबाकू मुक्त विद्यालय एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा है।
![]()













Leave a Reply