सीओ, एसडीओ व् डीसी के निरीक्षण के बाद भी गंदगी व् किनारे की मिट्टी नहीं हटी
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर पंचायत के चंडीपुर गांव में सड़क की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बरकरार है।
बताया जाता है कि जिस स्थान पर सड़क पर लंबे समय से पानी जमा था, वहां प्रशासन की ओर से पहल करते हुए सीओ, एसडीओ और डीसी स्वयं पहुंचकर पानी की निकासी एवं सफाई की व्यवस्था करवा चुके हैं। पानी हटने के बाद भी सड़क पर जमा गंदगी और कीचड़ अब तक साफ नहीं किया गया है।
इस बावत ग्रामीणों का कहना है कि सड़क से पानी हटने के बाद उम्मीद जगी थी कि अब सड़क की पूरी तरह सफाई कराकर आवागमन को सुगम बनाया जाएगा। लेकिन सड़क पर जमा गंदगी, मिट्टी और कीचड़ के साथ-साथ सड़क के दोनों किनारों पर जमा मिट्टी भी नहीं हटाई गई है। इससे राहगीरों और स्थानीय रहिवासियों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। कहा कि पानी हटने के बाद भी सड़क की सफाई अधूरी है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन के वरीय अधिकारियों के पहुंचने के बाद पानी की समस्या का तत्काल समाधान किया गया, जिसके लिए ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताया। हालांकि, पानी हटाने के बाद सड़क पर बची गंदगी और किनारे की मिट्टी की सफाई नहीं होने से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क पर जमा गंदगी एवं कीचड़ को जल्द हटाया जाए तथा सड़क के किनारे जमा मिट्टी की भी सफाई कराई जाए, ताकि आमजनों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने जिस तत्परता से पानी हटवाया है, उसी तरह सड़क की बची हुई सफाई का काम भी जल्द पूरा कराया जाए। इससे गांव के रहिवासियों को काफी राहत मिलेगी।
![]()













Leave a Reply