भिखारी ठाकुर की जन्मभूमि पर कटाव का संकट, डिप्टी सीएम से समाधान की मांग
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में छपरा सदर प्रखंड के कोटवा पट्टी रामपुर पंचायत अंतर्गत भोजपुरी के शेक्सपियर कहे जाने वाले महान लोक कलाकार स्व. भिखारी ठाकुर की जन्मभूमि कुतुबपुर दियारा, दयालचक, सबलपुर और सूरतपुर में गंगा नदी के भीषण कटाव से अफरा-तफरी की स्थिति है। कटाव के कारण दर्जनों घरों और सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि के नदी में विलीन होने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
बताया जाता है कि ग्रामीणों से सूचना मिलते ही सारण के सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने त्वरित कार्रवाई की। इसे लेकर 29 अक्टूबर की सुबह स्थानीय ग्रामीणों हरेश सिंह, भुअर सिंह, बबलू सिंह, लोकनाथ सिंह, बीडीओ सिंह, विनोद सिंह और भाजपा नेता राकेश कुमार सिंह ने सांसद कंट्रोल रूम को स्थिति की जानकारी दी थी।
बताया जाता है कि ग्रामीण रहिवासियों की सूचना के तत्काल बाद सांसद रूडी ने जल संसाधन विभाग के सदर एसडीओ नितेश कुमार, कार्यपालक अभियंता राजेश रंजन, सहायक अभियंता धर्मेन्द्र कुमार और कनीय अभियंता विश्वजीत कुमार से दूरभाष पर बात कर अविलंब कटावरोधी कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने एक घंटे के भीतर मौके पर बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
इसके बाद सांसद रूडी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। उन्होंने इस संबंध में मंत्री को पत्र लिखकर स्थल निरीक्षण और दीर्घकालिक सुरक्षा उपाय करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर मीडिया से एक भेंट में सांसद ने कहा कि यह केवल भूमि कटाव का मामला नहीं, बल्कि ग्रामीणों के आवास, आजीविका और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर संकट है। उन्होंने कहा कि कुतुबपुर दियारा भोजपुरी के शेक्सपियर कहे जाने वाले महान लोक कलाकार स्व. भिखारी ठाकुर की जन्मभूमि है, ऐसे में इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले क्षेत्र को बचाना अत्यंत आवश्यक है।
![]()













Leave a Reply