Advertisement

कुएं में गिरे कोटाश को वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा

वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों से सहयोग की अपील

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र के बगदा गांव में एक कुएं में गिरे कोटाश को वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

बताया जाता है कि कुएं में वन्यजीव के गिरने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे जंगल में ले जाकर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।

वन्यजीवों की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी-विष्णु चरण महतो

इस अवसर पर वन बचाव समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुएं या अन्य खुले स्थानों में वन्यजीवों के गिरने की घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए ऐसे स्थानों को सुरक्षित रखने की जरूरत है। उन्होंने वन्यजीवों के दिखाई देने पर ग्रामीणों से उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाने तथा तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि बगदा में कोटाश के कुएं में गिरने की जानकारी मिलते ही वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के सहयोग से वन्यजीव को बचाकर जंगल में छोड़ना सराहनीय प्रयास है। रेस्क्यू अभियान में वन कर्मी सुरेश टुडू और जगदीश महतो के अलावा वन बचाव समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो, रणजीत महतो, राकेश चक्रवर्ती, फागू महतो, बहादुर महतो, घुनू हांसदा समेत अन्य मौजूद थे। वन्य जीव को सुरक्षित जंगल में छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *