मंजूरा व दांतू में नोटिस प्राप्त मतदाताओं ने प्रस्तुत किए आवश्यक दस्तावेज
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। एसआईआर-2026 के तहत 24 अगस्त को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मंजूरा एवं दांतू पंचायत सचिवालय में नो मैपिंग मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। नोटिस प्राप्त मतदाताओं ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मियों ने प्रस्तुत दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। सत्यापन के बाद पात्र मामलों में दावे की स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार मंजूरा पंचायत सचिवालय में कसमार के अंचल अधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह की मौजूदगी में दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, जबकि दांतू पंचायत सचिवालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नम्रता जोशी की उपस्थिति में प्रक्रिया पूरी की गयी। उपरोक्त दोनों स्थानों पर नोटिस प्राप्त मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।
इस अवसर पर सीओ नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि एसआईआर के तहत नो मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की नियमानुसार जांच की जा रही है। जांच में दस्तावेज सही पाए जाने के बाद ही संबंधित दावों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जा रही है, ताकि योग्य मतदाताओं के दावों का उचित निपटारा हो सके।
बीडीओ नम्रता जोशी ने कहा कि दांतू पंचायत सचिवालय में नोटिस प्राप्त मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लिए गए और उनकी जांच की गई। कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची को सही एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए दस्तावेजों का सत्यापन महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। जिन मतदाताओं के दस्तावेज नियमानुसार सही पाए जा रहे हैं, उनके दावों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि नोटिस मिलने पर निर्धारित समय के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि उनके मामलों का समय पर निपटारा किया जा सके।
प्रखंड के हद में मंजूरा में सत्यापन कार्य के दौरान प्रधान सहायक मनोज दास, अंचल निरीक्षक प्रवीण कुमार, राजस्व कर्मचारी जमील अंसारी, लेबर इंस्पेक्टर विजय कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद थे। इस दौरान नोटिस प्राप्त मतदाताओं ने क्रमवार अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए और अधिकारियों ने उनका सत्यापन किया।
![]()













Leave a Reply