प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के गर्री पंचायत में 24 अगस्त की सुबह कब्रिस्तान के समीप नाले में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नाले में शव होने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान तेलमुंगा रहिवासी मगदीश घासी के रूप में की गयी।
सूचना मिलने पर कसमार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि मृतक मगदीश बीते 16 अगस्त की सुबह लगभग 11 बजे अपने घर से पैदल निकले थे। घर से निकलने के बाद फिर वापस नहीं लौटे। काफी देर तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के गांवों, रास्तों तथा संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
लगातार आठ दिनों तक तलाश के बाद 24 अगस्त की सुबह कब्रिस्तान के समीप नाले में उनका शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों के अनुसार मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। साथ ही उन्हें चलने-फिरने में भी परेशानी होती थी। इसी कारण उनके अचानक लापता होने के बाद परिजन लगातार चिंतित थे और अपने स्तर से खोजबीन कर रहे थे। सुबह नाले में शव मिलने की सूचना के बाद परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होने के बाद इसकी सूचना कसमार थाना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुखिया सिकंदर कपरदार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। कई ग्रामीणों ने बताया कि सुबह कब्रिस्तान के समीप से गुजरने के दौरान नाले में शव दिखा। इसके बाद इसकी सूचना आसपास के रहिवासियों को दी गई। शव मिलने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई और मौके पर रहिवासियों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के रहिवासियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
ग्रामीणों ने शव के कपड़ों एवं घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई कि मगदीश शौच के लिए नाले की ओर गए होंगे, इसी दौरान पैर फिसलने या किसी अन्य कारण से नाले में गिर गए होंगे। हालांकि, ग्रामीणों द्वारा जताई गई यह महज आशंका है। मौत किस परिस्थिति में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि 16 अगस्त को घर से निकलने के बाद मृतक किन रास्तों से होकर कब्रिस्तान के समीप पहुंचे। साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों और आसपास के रहिवासियों से मिली जानकारी को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि नाले से शव बरामद किया गया है और मृतक की पहचान तेलमुंगा रहिवासी मगदीश घासी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। आठ दिनों से लापता मगदीश का शव मिलने से ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस द्वारा जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
![]()













Leave a Reply