Advertisement

आजीविका प्रोत्साहन सोसाइटी की वार्षिक आमसभा में विधायक सम्मानित

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) जगन्नाथपुर द्वारा 14 अक्टूबर को वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। आयोजित आमसभा में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) एवं पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनाराम सिंकु शामिल हुए।

इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों ने विधायक को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिंकु एवं अन्य सम्मानित अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका के अवसरों को मजबूत बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

जेएसएलपीएस की वार्षिक आमसभा में जगन्नाथपुर प्रखंड के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) देवेन्द्र सिन्हा ने समूहों से जुड़ी दीदियों को समूह संचालन, आजीविका गतिविधियों तथा संबंधित योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी। उन्होंने महिलाओं को उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए समूहों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक प्रयासों और महिला सशक्तीकरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। वार्षिक आमसभा के माध्यम से समूहों के कार्यों की समीक्षा, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा आजीविका गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का अवसर मिला।

इस अवसर पर जगन्नाथपुर प्रखंड प्रमुख बुधराम पूर्ति, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरू, करंजिया पंचायत के मुखिया जूलियस हेम्ब्रम, सियालजोड़ा पंचायत की मुखिया जयन्ती उरांव सहित सैकड़ों महिलाएँ उपस्थित थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *