रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बहादुरपुर मेन रोड स्थित निर्माणाधीन फोरलेन पुल पर एक जुलाई को ग्रामीणों के तीखे विरोध के कारण निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया। विधायक प्रतिनिधि मो. शेरे आलम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निर्माण कंपनी के कार्य पर रोक लगा दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी बिना वैकल्पिक मार्ग (डायवर्सन) की व्यवस्था किए और पुल की टेढ़ी एप्रोच सड़क बनाकर केवल औपचारिकता पूरी करना चाहती है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्य का वे स्वागत करते हैं, लेकिन आमजनों की सुरक्षा और सुविधा की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। उनका कहना है कि पुल के सामने स्थित मकानों का नियमानुसार अधिग्रहण कर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और सड़क को सीधा बनाया जाए। साथ ही आवागमन बाधित न हो, इसके लिए पहले वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए। इन मांगों के पूरा होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करने दिया जाएगा।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो. शेरे आलम ने कहा कि निर्माण कंपनी स्थानीय रहिवासियों की समस्याओं को नजरअंदाज कर जल्दबाजी में काम पूरा करना चाहती है। यह उनके हितों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि जब तक ग्रामीणों की जायज मांगों पर प्रशासन और संबंधित विभाग ठोस निर्णय नहीं लेती है, तब तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। कहा कि यदि जबरन काम कराने की कोशिश हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
बताया जाता है कि ग्रामीणों के विरोध के बाद निर्माण कंपनी को फिलहाल पुल पर सड़क निर्माण कार्य रोकना पड़ा। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply