Advertisement

टीबी मुक्त भारत अभियान में संवेदनशील क्षेत्रों में प्रतिदिन 50 एक्स-रे का लक्ष्य-वैभव

डीएम ने जलालपुर सीएचसी का किया निरीक्षण, एक दिन में 20 हजार की स्क्रीनिंग

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी डीएम वैभव श्रीवास्तव ने 6 जुलाई को जिला के हद में जलालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चल रहे सौ दिवसीय विशेष स्क्रीनिंग अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण क्रम में डीएम ने टीबी स्क्रीनिंग काउंटर और स्क्रीनिंग पंजी का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईंट-भट्ठों, महादलित टोलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक रहिवासियों की जांच सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि 6 जुलाई को पूरे सारण जिले में लगभग 20 हजार रहिवासियों की स्क्रीनिंग की गई। वहीं, अकेले जलालपुर प्रखंड में आज 1,255 की स्क्रीनिंग हुई है, जिससे यहाँ अब तक कुल 3,195 रहिवासियों की जांच की जा चुकी है।

एक्स-रे की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने असंतोष जताया। जलालपुर सीएचसी में मात्र 17 एक्स-रे होने पर उन्होंने निर्देश दिया कि महादलित टोलों और ईंट-भट्ठों से संदिग्ध मरीजों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल लाया जाए और प्रतिदिन कम-से-कम 50 एक्स-रे करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय पर जांच और इलाज से ही टीबी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। चिन्हित मरीजों को तत्काल निःशुल्क दवा और समुचित उपचार दिया जाएगा।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया और अधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख और मुखिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे आम जनों को टीबी जांच के लिए प्रेरित करें। डीएम ने कहा कि जीविका दीदियां, विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविकाएं और आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ तालमेल बिठाकर घर-घर जाएं, जिससे कोई भी संदिग्ध मरीज छूटने न पाए।

जिलाधिकारी और सिविल सर्जन ने 5-5 मरीजों को लिया गोद

मरीजों को पोषण सहायता देने वाली नि:क्षय मित्र पहल को बढ़ावा देते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और सिविल सर्जन ने स्वयं 5-5 टीबी मरीजों को गोद लेने की घोषणा की। डीएम ने जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, उद्योगपतियों और आम रहिवासियों से अपील की कि वे आगे आकर मरीजों को अपनाएं। उन्होंने घोषणा की कि इस पुनीत कार्य में योगदान देने वाले नि:क्षय मित्रों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी (वरीय प्रभारी), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, स्थानीय मुखिया सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *