Advertisement

सोनपुर मंडल की अनूठी पहल: पर्यावरण दिवस पर दिया गया ग्रीन फ्यूचर मंत्र

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और हरित भविष्य को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत रेल मंडल की विभिन्न उत्पादन इकाइयों और प्रमुख रेलवे प्रतिष्ठानों में जल एवं ऊर्जा संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण व व्यावहारिक कदम उठाए जा रहे हैं।

ज्ञात हो कि ​इस बार सोनपुर रेल मंडल का विशेष ध्यान जल संसाधनों के संतुलित और दीर्घकालिक उपयोग पर है। इसके लिए सभी संबंधित इकाइयों में जहां भी संभव हो, जल पुनर्चक्रण तकनीक को अनिवार्य रूप से लागू करने पर बल दिया गया है। रेल मंडल प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर रेल कर्मचारियों और आमजन को पानी की एक-एक बूंद की कीमत समझाते हुए इसके कुशल उपयोग के प्रति जागरूक किया।

जल संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा दक्षता को लेकर भी सोनपुर रेल मंडल बेहद गंभीर नजर आ रहा है। इसके अंतर्गत रेलवे परिसरों और कार्यालयों में एलईडी लाइटों के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही, बिजली की बर्बादी रोकने के लिए एयर कंडीशनर के विवेकपूर्ण संचालन और अनुपयोगी बिजली उपकरणों को तुरंत बंद रखने जैसे व्यावहारिक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

​सोनपुर रेल मंडल ने सभी रेल कर्मियों और आम नागरिकों से इस महाअभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया है। रेल प्रशासन ने अपील की है कि प्राकृतिक संसाधनों का दोहन रोककर, जल संचयन और ऊर्जा दक्षता को अपनी दिनचर्या में शामिल करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा कल सौंपा जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *