ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। लगातार बारिश के कारण बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित बांध का जलस्तर बढ़ने पर डैम प्रबंधन ने पानी छोड़ने का निर्णय लिया है।
कार्यालय कार्यपालक अभियंता तेनुघाट बांध प्रमंडल द्वारा जारी आवश्यक सूचना के अनुसार 6 जुलाई को दोपहर 3 बजे से तेनुघाट बांध के 2 रेडियल गेट खोले गए। जिससे 2700 क्यूसेक प्रति सेकंड पानी का निकासी डैम से हो रहा है। सूचना के मुताबिक गेट खुलने के बाद दामोदर नदी का जलस्तर बढ़कर लगभग 2700 क्यूसेक/ 76.52 क्यूमेक हो जाएगा। कुल मिलाकर 2 रेडियल गेट और 1 अंडर सलूईस गेट खोले रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त गेट भी खोले जा सकते हैं।
बताया जाता है कि तेनुघाट जलाशय का जल स्तर आरएल 849.76 फीट दर्ज किया गया और यह बढ़ रहा है। इसी कारण एहतियातन पानी की निकासी की जा रही है। नोडल पदाधिकारी बाढ़ नियंत्रण कोषांग तेनुघाट ने नदी किनारे के गांवों को चेतावनी सूचना के साथ सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दी है। जानकारी तेनुघाट बांध प्रमंडल के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार पाल ने दी।
बांध से छोड़े गये अतिरिक्त पानी को लेकर बोकारो, धनबाद, बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में अलर्ट जारी करने को कहा गया है। प्रशासन ने दामोदर नदी के निचले इलाकों में रहने वाले रहिवासियों से अपील की है कि वे नदी किनारे न जाएं और सतर्क रहें। मछुआरों को भी नदी में न उतरने की सलाह दी गई है।
![]()













Leave a Reply