एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर फुसरो के प्रांगण में मारवाड़ी महिला समिति झारखंड प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय समर कैंप (ग्रीष्म कालीन शिविर) का 25 मई को समापन हो गया।
ज्ञात हो कि बीते 24 मई से शुरू उक्त विशेष समर कैंप शिविर में बच्चों के बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक विकास के लिए विभिन्न प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों, खेल-कूद और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार सिंह, विद्यालय के सचिव अमित कुमार सिंह, वरिष्ठ आचार्य नवल कुमार सिंह, विद्यालय की आचार्या मिशा कुमारी व श्वेता कुमारी तथा मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष पूनम अग्रवाल, कोषाध्यक्ष कोमल गोयल, सदस्य हिमांशी अग्रवाल, कुसुम अग्रवाल, मनीषा राठी, पूर्व अध्यक्ष सीमा गोयल, सदस्य उमा राठी, उपाध्यक्ष नेहा अग्रवाल एवं बाल विकास प्रमुख अनुष्का अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ किया गया।
प्रतियोगिता में बच्चों का उत्साह शिविर के दौरान बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता और विभिन्न प्रकार के ज्ञानवर्धक खेल आयोजित किए गए, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के बीच सभी बच्चों के लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बेरमो प्रखंड प्रमुख सह भाजपा बोकारो जिला उपाध्यक्ष गिरिजा देवी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद सह भाजपा जिला उपाध्यक्ष अर्चना सिंह उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल किताबी ज्ञान ही काफी नहीं है, बल्कि इस तरह के समर कैंप उनके मानसिक और शारीरिक विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं। मारवाड़ी महिला समिति और विद्यालय परिवार का यह संयुक्त प्रयास अत्यंत सराहनीय है, जिससे बच्चों को अपनी छिपी हुई बहुमुखी प्रतिभा को निखारने का मंच मिला है।
शिविर के दूसरे और अंतिम सत्र के साथ इस समर कैंप का सफल समापन हो गया। समापन के अवसर पर शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी भैया-बहनों को पोशाक (ड्रेस) प्रदान की गई। इसके साथ ही, विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो (स्मृति चिह्न) और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंत में उपस्थित अतिथियों, आचार्यों और बच्चों द्वारा सामूहिक रूप से शांति मंत्र का पाठ किया गया, जिसके साथ दो दिवसीय शिविर संपन्न हो गया।
समर कैंप को पूरी तरह सफल और सुव्यवस्थित बनाने में विद्यालय के आचार्य रवि कुमार सोनी, साधन चंद्र धर, रूपा कुमारी, सोनाली कुमारी, निभा सिन्हा सहित मारवाड़ी महिला समिति के सभी सदस्यों और विद्यालय के सभी कर्मचारी बंधु-भगिनियों का महत्वपूर्ण और सराहनीय योगदान रहा।
![]()













Leave a Reply