अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता 30 जून को सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक लोकसेवा आश्रम पहुंचे। यहां पहुंचने पर बिहार प्रदेश उदासीन महामंडल के अध्यक्ष व लोक सेवा आश्रम के व्यवस्थापक संत विष्णुदास उदासीन उर्फ मौनी बाबा के नेतृत्व में संतों और स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर मंत्री गुप्ता ने आश्रम परिसर में स्थित भगवान सूर्य एवं शनि मंदिर में माथा टेका और संत मौनी बाबा का आशीर्वाद ग्रहण किया। पर्यटन मंत्री ने आश्रम के पुराने हनुमान मंदिर के स्थान पर निर्मित हो रहे नए दक्षिणमुखी संकट मोचन हनुमान मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार कार्य का भी अवलोकन किया और इसकी सुंदरता की सराहना की। मौनी बाबा ने उन्हें बताया कि मंदिर निर्माण का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
मंत्री के दौरे के दौरान संत विष्णुदास उदासीन (मौनी बाबा) ने हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर परियोजना को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उनसे स्पष्ट रूप से कहा कि हरिहर नाथ कॉरिडोर के विकास को लेकर लोकसेवा आश्रम परिसर के मंदिरों, समाधि स्थल एवं आवास परिसर के अस्तित्व पर संशय की स्थिति उत्पन्न हो रही है। कहा कि यह आश्रम सैकड़ों वर्ष पुराना है और बिहार की ऐतिहासिक व आध्यात्मिक धरोहरों में से एक है।
हमारी मांग है कि कॉरिडोर के नाम पर आश्रम के इस ऐतिहासिक महत्व को बिल्कुल भी नजरअंदाज न किया जाए। आश्रम के अस्तित्व को अक्षुण्ण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए कॉरिडोर का स्वरूप ऐसा हो जिससे इस प्राचीन स्थल को कोई नुकसान न पहुँचे। मौके पर उपस्थित दर्शनार्थियों ने पर्यटन मंत्री को आश्रम के गौरवशाली और ऐतिहासिक महत्व से रू-ब-रू कराया।

उन्हें बताया गया कि यह वही पवित्र और ऐतिहासिक स्थल है जहां भारत रत्न शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, तबला सम्राट पंडित किशनजी महाराज और कथक नृत्यांगना माया चटर्जी जैसी सैकड़ों राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विभूतियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया था। सभी महान कलाकार प्रतिवर्ष 7 अगस्त को यहां आयोजित होने वाले अखिल भारतीय संगीत महोत्सव का मुख्य हिस्सा और इस कार्यक्रम की रीढ़ थे। इस अवसर पर सूर्य एवं शनि मंदिर के पुजारी अनिल झा, अभय कुमार सिंह, आसू कुमार सिंह और उदासीन लाल दास सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे, जिन्होंने मंत्री से इस ऐतिहासिक धरोहर को सहेजने की अपील की।
![]()













Leave a Reply