जुर्माने के रूप में हुई 9.63 लाख से ज्यादा की वसूली
अवध किशोर शर्मा/सोनपुर (सारण)। पूर्व मध्य रेल द्वारा ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने हेतु हर संभव कदम उठाया जा रहा है। यात्रियों से भी ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपेक्षा की जा रही है। बावजूद इसके कतिपय यात्रियों द्वारा ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाया जाना भी दृष्टिगोचर होता रहता है। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या से निजात पाने और रोकने के लिए पूर्व मध्य रेल द्वारा गंदगी फैलाने वाले यात्रियों से अब जुर्माना भी वसूल किया जा रहा है।
पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने 23 मार्च को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में अप्रैल से फरवरी तक कुल 4306 यात्रियों को ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाते हुए पकड़ा गया। उनसे जुर्माने के रूप में 09 लाख 63 हजार 500 रूपये वसूल किये गये।
उन्होंने बताया कि केवल फरवरी माह में पूर्व मध्य रेल द्वारा ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाते 245 यात्रियों को पकड़ा गया। उनसे जुर्माने के रूप में 56 हजार 500 रुपये वसूल किये गये। जनसंपर्क पदाधिकारी के अनुसार रेलवे तथा स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने के लिए पूर्व मध्य रेल महकमा लगातार इस मामले में विशेष सतर्कता बरत रही है।
132 total views, 2 views today