Advertisement

सीसीएल मुख्यालय में तीन दिवसीय आधार अपडेट कैंप का शुभारंभ

कर्मियों, आश्रितों एवं आमजन को आधार सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में 2 जून को तीन दिवसीय आधार नामांकन एवं अद्यतन शिविर का शुभारंभ किया गया।

शिविर का विधिवत उद्घाटन सीसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण) संजय कुमार ठाकुर द्वारा किया गया। मौके पर प्रबंधक (खेल) आदिल हुसैन सहित बड़ी संख्या में सीसीएल कर्मी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार आयोजित विशेष शिविर 2 से 4 जून तक आयोजित किया जा रहा है। कहा गया कि शिविर में आधार नामांकन एवं अद्यतन की सुविधा तीन आयु वर्गो यथा 0 से 5 वर्ष, 5 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए उपलब्ध कराई गई है, जिससे सीसीएल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को एक ही स्थान पर आधार संबंधी आवश्यक सेवाएं प्राप्त हो सके।

बताया जाता है कि शिविर के प्रथम दिन कर्मियों में उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली। बड़ी संख्या में लाभार्थी आधार नामांकन एवं अद्यतन कराने के लिए शिविर में पहुंचे। पहले ही दिन लगभग 40 कर्मियों का आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। आधार सेवाओं के लिए लगाये गये शिविर में आमजनों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही तथा लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। सीसीएल द्वारा कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजित यह विशेष शिविर आधार संबंधी सेवाओं को सुगम, सुलभ एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ज्ञात हो कि सीसीएल अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण हेतु समय-समय पर ऐसी जनोपयोगी एवं सुविधापरक पहल करता रहा है, जिससे आवश्यक सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराई जा सके तथा उनकी दैनिक आवश्यकताओं का सरल समाधान सुनिश्चित हो सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *