छठ व्रतियों के बीच किया गया सामग्री वितरित
अवध किशोर शर्मा/सोनपुर (सारण)। चार दिवसीय चैती छठ के दूसरे दिन 26 मार्च को सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित लोकसेवा आश्रम में भगवान सूर्य का दर्शन-पूजन करनेवालों की अप्रत्याशित भीड़ देखी गयी।
भक्तों ने भगवान सूर्यदेव की आरती में शामिल होकर अपने परिजनों सहित समस्त देशवासियों को भव बाधाओं से मुक्त रखने एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की। इस दौरान “ॐ जय कश्यप नंदन,ॐ जय अदिति नंदन” आरती से संपूर्ण वातावरण गूंज उठा।
आश्रम स्थित सूर्य मन्दिर में व्यवस्थापक संत विष्णुदास उदासीन उर्फ मौनी बाबा की देखरेख में व्रत करनेवाली महिलाओं के बीच गाय का शुद्ध दूध, गुड़, नारियल, सूप सहित अन्य पूजा सामग्री का वितरण किया गया। वितरण कार्य में अजय कुमार, नित्यानंद सिंह एवं अनिल कुमार सिंह गौतम की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
वहीं, दूसरी ओर अहले सुबह से ही पहलेजा घाट, सबलपुर के गंगा घाटो के अलावा सोनपुर के नमामि गंगे घाट, श्रीगजेंद्र मोक्ष घाट एवं काली घाट पर छठ व्रतियों ने पवित्र गंगा में डुबकी लगायी। तदुपरांत स्नान-ध्यान कर खरना व्रत अनुष्ठान पूर्ण किया।व्रतियों की सर्वाधिक संख्या अपने घरों पर व्रत अनुष्ठान करते देखी गयीं।
अपने-अपने घरों पर पूजा-पाठ करने के बाद खरना में बनी खीर-पूरी का पवित्र प्रसाद सर्वप्रथम व्रतियों ने ग्रहण किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर वैसे रहिवासी जिनके घर छठ पूजा नही होती है व्रतियों ने उन परिवारों को आमंत्रित कर खरना का प्रसाद ग्रहण कराया।
![]()












Leave a Reply