Advertisement

उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरई में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी, बच्चों के बेहतरी पर मंथन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरई में 3 जुलाई को शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया। अध्यक्षता बरई पंचायत के मुखिया विजय कुमार रवि ने की।

गोष्ठी का संचालन विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शिव कुमार गोस्वामी जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा सुनैना देवी ने किया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के माता-पिता, शिक्षकों एवं प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, शैक्षणिक गतिविधियों में अभिभावकों और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा बच्चों के समग्र शैक्षिक विकास के लिए सामूहिक सहयोग को बढ़ावा देना था।

गोष्ठी में विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, हरित वातावरण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति, प्रयास कार्यक्रम, निपुण भारत मिशन, फाउंडेशनल लिटरेसी एंड नुमैरसी (एफएलएन) तथा विद्यार्थियों को विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को अधिक समावेशी एवं जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर मुखिया विजय कुमार रवि ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है। अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। सभी अभिभावक नियमित रूप से विद्यालय से जुड़े रहें और बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। प्रभारी प्रधानाध्यापक शिव कुमार गोस्वामी ने कहा कि पीटीएम का उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच मजबूत संवाद स्थापित करना है। कहा कि जब विद्यालय और परिवार मिलकर बच्चों के भविष्य के लिए कार्य करेंगे, तभी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लक्ष्य हासिल होगा। उन्होंने विद्यालय में संचालित सभी शैक्षणिक एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी भी अभिभावकों को दी।

विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्षा सुनैना देवी ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए अभिभावकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। विद्यालय प्रबंधन समिति हमेशा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। गोष्ठी में शामिल सभी अभिभावकों का सहयोग सराहनीय रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *