Advertisement

तेज रफ्तार वाहन चालक सावधान, स्पीड रडार गन की हैं आप पर नजर-डीटीओ

वाहन जांच अभियान चलाकर मोटरयान निरीक्षक ने वसूला ढाई लाख जुर्माना

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले की सड़कों पर वाहनों को तेज गति से दौड़ाने वाले वाहन चालक अब संभल जाएं। ट्रैफिक पुलिस ने तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके लिए स्पीड रडार गन को प्रयोग में लाया जा रहा है। इससे दूर से वाहन की रफ्तार को कैच किया जा सकता है और लिमिट से अधिक स्पीड होने पर पास आने पर चालान की कार्रवाई की जाती है।

ज्ञात हो कि, हाल ही में बोकारो ट्रैफिक पुलिस को स्पीड रडार गन प्राप्त हुई है। एक- दो दिन इसके प्रयोग को जाना समझा गया। इसके बाद 21 जनवरी से जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी के आदेश पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बताया जाता है कि इस स्पीड रडार गन का प्रयोग खासकर शहर के डायवर्सन रोड व् आसपास के भीड़ भाड़ वाले इलाको में प्रयोग किया जा रहा है। स्पीड रडार गन की मदद से वाहन चालक को सबूत के तौर पर वीडियो भी दिखाया जा सकता है।

जिला परिवहन पदाधिकारी एवं यातायात निरीक्षक रूपेंद्र कुमार राणा ने जानकारी दिया कि इसकी मदद से जिले में सड़क हादसे में कमी आएगी। साथ हीं सड़क दुर्घटना से जुड़ा सबूत भी रहेगा। उन्होंने बताया कि स्पीड रडार गन के माध्यम से चालान की कार्रवाई शुरू हो गई है। इस कारण वाहन चालक निर्धारित रफ्तार में ही वाहन चलाएंगे। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। कहा कि डायवर्सन रोड पर ही वाहन चालक तय गति से तेज वाहन चलाते हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस वाहनों की जांच करेगी कि कोई वाहन तेज गति से तो नहीं चल रहा। तेज गति से आ रहे वाहन चालक का चालान काटा जाएगा।

वाहन जांच अभियान चलाकर मोटरयान निरीक्षक ने वसूला ढाई लाख जुर्माना

एक अन्य जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 23 पर बोकारो जिला के हद में बालीडीह थाना क्षेत्र के बालीडीह टॉल प्लाजा पर परिवहन विभाग द्वारा 21 जनवरी को चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान 37 वाहनों से 2.50 लाख का जूर्माना वसूल किया गया। बोकारो जिला उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी एवं मोटरयान निरीक्षक द्वारा संयुक्त जांच अभियान चलाकर मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न नियमों के उल्लंघन में कुल 37 वाहन से ढाई लाख रुपए जुर्माना वसूला गया।

डीटीओ एवं एमवीआई के संयुक्त नेतृत्व में अभियान के तहत कुल 80 वाहनों की जांच की गई, जिसमें रिफ्लेक्टिव टेप, ओवर लोडिंग एवं टैक्स फेल होने को लेकर 37 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *