Advertisement

ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ बोकारो द्वारा 23 बोतल शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बीकेएससी बोकारो ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसी सुपर एक्सप्रेस से अवैध शराब की खेप बरामद की है। इस दौरान शराब तस्करी में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

आरपीएफ सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 जून को ट्रेन संख्या 18626 कोसी सुपर एक्सप्रेस के बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पहुंचने पर जांच के दौरान ट्रेन एस्कॉर्टिंग पार्टी ने कोच क्रमांक बी-1 की सीट संख्या 17 पर रखे एक संदिग्ध ट्रॉली बैग की सूचना दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट बोकारो की टीम ने मौके पर पहुंचकर बैग की जांच की।

बताया जाता है कि पूछताछ में बैग के मालिक की पहचान 23 वर्षीय नीतीश कुमार, पिता मुरली प्रसाद यादव, रहिवासी करुआ, थाना बख्तियारपुर, जिला सहरसा (बिहार) के रूप में की गयी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिहार में शराब की आपूर्ति करने का कार्य करता है।आरपीएफ टीम द्वारा तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से विभिन्न ब्रांडों की कुल 23 बोतल शराब (प्रत्येक 750 मिली लीटर) बरामद की गयी। इनमें 100 पाइपर, ब्लेंडर्स प्राइड, सिग्नेचर, गोल्फर शॉट और मैजिक मोमेंट्स ब्रांड की बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 34,450 रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई में आरपीएफ बोकारो के अवर निरीक्षक (एसआई) रोजामत अंसारी, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) डी.के. द्विवेदी, मंटू कुमार तथा कांस्टेबल नीलेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एएसआई द्विवेदी ने शराब को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लेते हुए आरपीएफ पोस्ट बोकारो लाया। इस बावत आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब एवं गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग के हवाले किया जाएगा। कहा गया कि ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *