Advertisement

सबलपुर में कटावरोधी कार्य का जल संसाधन विभाग के सचिव ने किया निरीक्षण

मजदूरों की संख्या बढ़ाने और 18 जुलाई तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर पछियारी पंचायत में चल रहे कटाव रोधी एवं बोल्डर पिचिंग कार्यों की जमीनी हकीकत जानने 8 जुलाई को जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय टीम ने निरीक्षण किया।

इस दौरान कार्य की सुस्ती पर नाराजगी जताते हुए सचिव ने संवेदक को मजदूरों की संख्या बढ़ाने और आगामी 18 जुलाई तक हर हाल में बोल्डर पिचिंग की चारों परतों का काम पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया।

निरीक्षण दल में अभियंता प्रमुख वरुण कुमार, मुख्य अभियंता (गोपालगंज परिक्षेत्र) प्रमोद कुमार, फ्लड फाइटिंग के चेयरमैन नवल किशोर सिंह, अधीक्षण अभियंता दिनेश कुमार, कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार प्रभाकर और सहायक अभियंता धर्मेन्द्र कुमार शामिल थे। इसके अलावा प्रशासनिक स्तर से सारण के अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा, डीसीएलआर, आपदा प्रबंधन के एडीएमओ और अंचलाधिकारी राज कुमार सहित कई अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल लूप क्रमांक-259, 164, 163, 291, 70, 30, 87, 71 एवं 60 पर काम प्रगति पर है। शेष बचे लूपों पर जल्द से जल्द काम शुरू करने के लिए निर्माण एजेंसी एम.एस.ए. कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पवन मिश्रा को सख्त हिदायत दी गई है। सचिव ने निर्देश दिया कि बोल्डर कार्य में लगे मजदूरों की संख्या को तत्काल 140 से बढ़ाकर 350 किया जाए, ताकि बाढ़ की आशंका से पहले आगामी 18 जुलाई तक सभी चारों परतों की पिचिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो सके।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अपनी चिंताएं और शिकायतें भी रखीं। रहिवासियों ने कार्य की धीमी रफ्तार, संसाधनों की कमी और गुणवत्ता पर सवाल उठाए। साथ ही, डाउनस्ट्रीम के अन्य लूपों का भी निरीक्षण करने की मांग की। इस पर संज्ञान लेते हुए प्रधान सचिव ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही दोबारा इस क्षेत्र का दौरा करेंगे।

बताया जाता है कि ग्रामीणों ने अपस्ट्रीम के सबसे संवेदनशील 164 मीटर लूप पर भी तुरंत काम शुरू करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई। इस बीच, विभागीय अधिकारियों और संवेदक ने रहिवासियों से अपील की कि वे बोल्डर पिचिंग के कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए स्थानीय स्तर पर मजदूर उपलब्ध कराने में सहयोग करें। मौके पर पहलेजा पुरानी शाहपुर रहिवासी पूर्व मुखिया धर्मेंद्र राय, समाजसेवी अविनाश कुमार, सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, भाई भोला सहित अन्य ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *