Advertisement

दुर्गापुर पंचायत में यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य पर अधिकार प्रशिक्षण शिविर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। गैर सरकारी संस्था सहयोगिनी द्वारा बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर में 27 जून को किशोरियों एवं युवा महिलाओं के लिए यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य एवं अधिकार (एसआरएचआर) एवं स्वास्थ्य प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य, शिक्षा, अधिकार, नेतृत्व क्षमता तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना था।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक कुमारी मंजू ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया की रोकथाम तथा प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें सही जानकारी और सकारात्मक मार्गदर्शन युवाओं को स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर करता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहयोगिनी संस्था की विनीता देवी ने बताया कि संस्था कसमार प्रखंड के 30 गांवों में किशोरी नेतृत्व क्षमता विकास तथा उन्हें सरकारी योजना से जोड़ने को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था किशोरियों को स्वास्थ्य, शिक्षा, जीवन कौशल एवं नेतृत्व विकास से जोड़ने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं सशक्त किशोरियां अपने अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य एवं अधिकारों से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा की।

कार्यक्रम के अंत में किशोरियों ने अपने गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता, बाल विवाह रोकथाम एवं सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। मौके पर सहयोगिनी की विनीता कुमारी, एएनएम, आंगनबाड़ी सेविका तथा किशोरी लीडर्स बिंदु कुमारी, लाडली खातून, प्रीति कुमारी, खुशबू कुमारी, मनीषा कुमारी, मालवती कुमारी, नेहा कुमारी, पूनम कुमारी, वर्षा कुमारी, डोली कुमारी आदि मौजूद रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *