रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के निरीक्षण के दौरान बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने एक जुलाई को संबंधित क्षेत्र के आदिवासी टोला का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बताया जाता है कि ग्रामीणों ने मसना (आदिवासी श्मशान स्थल) निर्माण, पेयजल संकट तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग रखी। उपायुक्त ने पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए डीप बोरिंग की संभावनाओं का आकलन करने का निर्देश दिया। साथ ही जल संरक्षण एवं सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चेक डैम निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि आम रहिवासियों की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की जायज मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। डीसी के इस दौरे से ग्रामीणों में उम्मीद जगी और उन्होंने प्रशासन के इस संवेदनशील एवं जनसरोकार से जुड़े प्रयास की सराहना की।
![]()













Leave a Reply