रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय मुरहुलसुदी में 4 जुलाई को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास, नियमित उपस्थिति तथा पढ़ाई में उनकी सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करना था।
बैठक के दौरान विद्यालय के सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी, बैग, पेन सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। वहीं एनएएमएस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिला टॉपर पायल कुमारी, प्रमोद महतो एवं महादेव महतो को पंचायत समिति सदस्य पति वीरेंद्र नाथ सिंह मुंडा एवं विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने उपहार देकर सम्मानित किया।
बैठक में विद्यालय सचिव सह प्रधानाध्यापक चंद भूषण कपरदार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का मूल उद्देश्य केवल बच्चों को परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि उनमें ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और जीवन कौशल का विकास करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की पहली पाठशाला उनका परिवार होता है, इसलिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच नियमित संवाद बेहद जरूरी है। कहा कि जब शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार और नियमित उपस्थिति पर ध्यान देते हैं, तब बच्चों का शैक्षणिक स्तर स्वतः बेहतर होता है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट रोकने तथा लर्निंग गैप को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए समय-समय पर शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित की जाती है, ताकि अभिभावकों को बच्चों की प्रगति से अवगत कराया जा सके और उनकी समस्याओं का समाधान मिलकर किया जा सके। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजें, घर पर पढ़ाई के लिए प्रेरित करें तथा विद्यालय की प्रत्येक गतिविधि में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
![]()













Leave a Reply