Advertisement

गर्भवती के मौत मामले में पुलिसिया एक्शन, छह आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

‏एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो थाना क्षेत्र के पांच नंबर धौड़ा में गर्भवती महिला अनिता देवी की हत्या मामले में आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ था। लगातार विरोध-प्रदर्शन और सड़क जाम के बीच पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा था।

बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने 31 मई को प्रेस वार्ता कर बताया कि बीते 29 मई की रात लगभग 9 बजे अनिता देवी और उनके पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और मारपीट के दौरान गर्भवती अनिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए ढोरी स्थित रिजनल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की खबर फैलते ही इलाके में जबरदस्त गुस्सा फूट पड़ा। रहिवासियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
मृतका के पति महेश भुईयाँ के आवेदन पर बेरमो थाना में बीते 30 मई को कांड क्रमांक-63/26 दर्ज किया गया।

सिंह ने बताया कि गठित पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर मामले में नामजद छह आरोपियों बबलु कुमार उर्फ बबलु भुईयाँ, सुरेन्द्र भुईयाँ, विरेन्द्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धिरेन भुईयाँ उर्फ धिरेन कुमार भारती और राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मुख्य आरोपी संतोष साव फरार होने में सफल रहा है।

सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हालांकि, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अब भी बाकी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। इधर, महिला की मौत को लेकर इलाके में अब भी भारी नाराजगी है। स्थानीय रहिवासी इस घटना को लेकर कड़ी कार्रवाई और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *