नंद कुमार सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिले में मुहर्रम का पर्व बीते 26 जून को पूरी श्रद्धा, अनुशासन और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। जिले भर में निकले ताजिया जुलूसों के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
ज्ञात हो कि, बोकारो जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी, पुलिस की चौकसी और आम जनों के सहयोग से पूरे जिले में अमन और भाईचारे का संदेश देखने को मिला। मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस सुबह से ही पूरी तरह अलर्ट मोड में रहे। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदन शील स्थलों, मस्जिदों, इमामबाड़ों और ताजिया जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात रही। हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद बनी रही।

बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने जिला नियंत्रण कक्ष से लगातार जिलेभर की गतिविधियों की मॉनिटरिंग की। वहीं वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा -निर्देश देते रहे। प्रशासन की सतर्कता और अमन पसंद रहिवासियों की समझदारी के कारण पूरे जिले में मुहर्रम का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों से शांतिपूर्वक निकले और विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक आयोजन संपन्न किए गये।
पर्व के सफल आयोजन के बाद जिला प्रशासन ने जिलावासियों, जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवकों और पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बोकारो ने एक बार फिर आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सांप्रदायिक एकता की मिसाल पेश की है।
![]()













Leave a Reply