प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के गोकुलधाम बिरसा मुंडा चौक के समीप टकाहा मुंडा टोला मोड़ के समीप बीते 29 जुलाई की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत हो गई। मृतका नर्स बतायी जा रही है।
बताया जाता है कि रात्रि लगभग 8:30 बजे एक अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में महिला बाइक से गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई। मृतका की पहचान 26 वर्षिया मंजू कुमारी के रूप में हुई है। वह पेटरवार स्थित ओम साईं हॉस्पिटल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं। मंजू मूल रूप से पेटरवार थाना क्षेत्र के उत्तासारा गांव रहिवासी थीं और अपने मायके में रहकर अस्पताल में नौकरी करती थीं।
उत्तासारा पंचायत के पूर्व मुखिया महेंद्र मुंडा ने 30 जुलाई को बताया कि मंजू की तीन वर्षीय पुत्री का ओम साईं हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। बीते 29 जुलाई की रात बच्ची को रक्त चढ़ाने के बाद वह अपने भाई के साथ अस्पताल से अपने घर टकाहा लौट रही थी। इस दौरान टकाहा मुंडा टोला मोड़ के समीप अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गईं। घटना के बाद स्थानीय रहिवासियों की मदद से उसे तत्काल हॉस्पिटल ले जाने के क्रम में रास्ते में हीं मौत हो गई। जबकि, बच्ची को खरोच तक नहीं आया।
सूचना मिलते ही पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश और मामले की जांच में जुटी है। पूर्व मुखिया महेंद्र मुंडा ने मृतका के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।
बताया गया कि मंजू का ससुराल जिला के हद में कसमार प्रखंड के सुईयाडीह गांव में है। उसके पति कृष्णा मुंडा हैदराबाद में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। मृतक का दाह संस्कार कसमार प्रखंड के सुईयाडीह स्थित खांजो नदी के तट पर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही दाड़ीद पंचायत के मुखिया गोपाल मुंडा, जेएमएम नेता शौकत अंसारी, हसनुल अंसारी, सत्यम प्रसाद, पिंटू महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
![]()













Leave a Reply