रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आजसू पार्टी के सहयोगी संगठन अखिल झारखंड महिला संघ का राज्य स्तरीय अधिवेशन 4 जुलाई को झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित शहीद हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। सशक्त महिला-समृद्ध महिला-स्वावलंबी महिला थीम के साथ अधिवेशन आयोजित किया गया।
अधिवेशन में राज्य भर से हजारों महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया और महिला सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, राजनीतिक भागीदारी, महिला सुरक्षा, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण तथा संगठन के भावी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा कर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
अधिवेशन के मुख्य अतिथि राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज, राज्य और देश के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि महिलाओं को नेतृत्व, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में समान अवसर देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है तथा महिलाओं की सुरक्षा गंभीर विषय बन चुकी है। भ्रष्टाचार, अपराध और बिचौलियों की व्यवस्था के कारण महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

महतो ने कहा कि उनके कार्यकाल में महिला समूहों, स्वयं सहायता समूहों, संजीवनी एवं जेएसएलपीएस जैसी योजनाओं को मजबूत किया गया था, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला। साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सामाजिक और राजनीतिक नेतृत्व में आगे बढ़ाने का ऐतिहासिक कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं घूंघट और चौखट की सीमाओं को तोड़कर समाज और राजनीति में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। इसी सोच के अनुरूप आजसू पार्टी में भी महिलाओं की 33 प्रतिशत से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिसका प्रमाण यह विशाल राज्य स्तरीय महिला अधिवेशन है।
अधिवेशन को गिरिडीह सांसद सहित मांडू विधायक निर्मल महतो (तिवारी महतो), पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, रामगढ़ की पूर्व विधायक सुनीता चौधरी, आजसू केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, झारखंड ओलंपिक संघ की वरीय उपाध्यक्ष नेहा महतो, झारखंड आंदोलनकारी वायलेट कच्छप, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, रामगढ़ जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, रांची जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, बोकारो जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं एवं महिला पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
इस अवसर पर बोकारो जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि यह राज्य स्तरीय महिला अधिवेशन महिलाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान और नेतृत्व का अवसर दिया है। कहा कि महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाकर ही झारखंड को विकास के नए आयाम तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कहा कि राज्यभर से हजारों महिलाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं अब अपने अधिकारों और समाज के विकास में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
![]()













Leave a Reply