Advertisement

पाटलिपुत्र में जैविक खेती आधारित कार्यक्रम का आयोजन-महीवाल

एस. पी. सक्सेना/पटना (बिहार)। बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र में 4 एवं 5 नवंबर को रिजेनेरेटिव बिहार की ओर से जैविक खेती आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उक्त जानकारी कलाकार साझा संघ के सचिव एवं समाजसेवी टीवी कलाकार मनीष महीवाल ने 3 नवंबर को दी।

महीवाल ने बताया कि बिहार के दूसरे और तीसरे कृषि रोडमैप में सूबे की सरकार ने आधुनिक जैविक खेती के विकास की मज़बूत नींव रखी, जिसका नतीजा है कि पिछले 6-7 वर्षो में बिहार में जैविक खेती का रकबा 300 गुना तक बढ़ गया है। जैविक खेती के विकास के ऐतबार से बिहार सबसे तेज़ गति से आगे बढ़ने वाला राज्य बन चुका है।

उन्होंने कहा कि बिहार में फलफूल रहे इस जैविक आंदोलन को शहरी रहिवासियों तक पहुंचाने के इरादे से रिजेनरेटिव बिहार अभियान आगामी 4 और 5 नवंबर को पटना में अपने दूसरे अनिंदो बनर्जी जैविक बीज और खाद्य महोत्सव प्रकृतिका का आयोजन करने जा रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार का यह इकलौता जैविक उत्सव न केवल बिहार के कुदरती किसानों की सूझबूझ और क्षमताओं को रेखांकित करता है, बल्कि बिहार में बढ़ रहे आधुनिक जैविक कृषि और स्लो फूड अभियानों का प्रतिबिंब भी है।

महीवाल के अनुसार इस वर्ष के महोत्सव का थीम जलवायु संकट का सामना करने में जैविक, कुदरती, प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों, उनके नवाचारों एवं हस्तक्षेपों का जश्न रखा गया है।

ज्ञात हो कि रिजेनेरेटिव बिहार अभियान सूबे के जैविक,क़ुदरती एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों, किसानों को टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्तियों और नागरिक संगठनों का समूह है। यह पिछले कई वर्ष से बिहार के 1500 से अधिक किसानों के बीच अपने जैविक, प्राकृतिक खेती, ऍग्रो फ़ॉरेस्टरी, मिश्रित खेती आदि से जुड़े प्रयोगों, मॉडल, नवाचार और मंथन शिविरों के माध्यम से सक्रिय है।

महीवाल के अनुसार हमारा प्रयास है कि बिहार के किसान जलवायु अनुकूल खेती की जैविक पद्धतियों की ओर सहजता से आगे बढ़ पाएं। उनकी खाद्य सुरक्षा और आजीविका सुदृढ़ हो सके। इसी उद्देश्य से 4 एवं 5 नवंबर को पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी कमला नेहरू शिशु विहार सहयोग हॉस्पिटल रोड में उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।

जिसमें आर एच रिछारिया देसी बीज प्रदर्शनी, देबजीत सड़नगी जंगली और अपने आप उगनेवाली खाने की चीज़ों की प्रदर्शनी, भास्कर सावे एग्रोफोरेस्ट्री व्याख्यान एवं प्रदर्शनी, आर. पापम्मल जैविक कृषि उत्पाद प्रदर्शनी एवं विक्रय, कमला देवी चट्टोपाध्याय महिला इकोप्रेन्योरशिप गैलरी, अबुल कलाम आज़ाद ऍग्रोइकोलॉजी चाइल्ड चैंपियंस फोरम, लिंगू बाई लाइव सीड स्टूडियो, परवीन अमानुल्लाह स्मृति क्लाइमेट कैफे, जी नम्मलवार स्मृति किसान सम्मान आदि द्वारा प्रदर्शनी लगाया जायेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *