रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर 3 जून को सहयोगिनी संस्था के निदेशक गौतम सागर ने साइकिल चलाकर आमजनों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बोकारो जिला के हद में कसमार-बहादुरपुर मार्ग पर साइकिल चलाने के क्रम में सहयोगिनी निदेशक ने कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन शैली और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। कहा कि साइकिल एक सरल, किफायती, भरोसेमंद और पर्यावरण-अनुकूल साधन है, जो कार्बन उत्सर्जन को कम करने के साथ-साथ आमजनों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करें और पर्यावरण संरक्षण के अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि साइकिल अपनाकर हम न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण भी सुनिश्चित कर सकते हैं।
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर गौतम सागर ने बोकारो जिलावासियो को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास के लिए साइकिल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। कहा कि विश्व साइकिल दिवस हमें यह याद दिलाता है कि छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।साइकिल एक ऐसा साधन है जो स्वास्थ्य, पर्यावरण और आर्थिक बचत तीनों के लिए लाभदायक है। आइए, हम सभी साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देकर जलवायु परिवर्तन के खिलाफ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
![]()













Leave a Reply