Advertisement

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार में तंबाकू निषेध दिवस सह जागरूकता कार्यक्रम

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में समुदाय स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 2 जून को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान बीते 31 मई से प्रारंभ है, जो आगामी एक सप्ताह तक पूरे जिले में चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. कुंदन राज, दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सोनी कुमारी, डॉ श्रेयशी सिन्हा सहित स्वास्थ्य केंद्र के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित जनों को तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ ली।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुंदन राज ने कहा कि तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थ इंसान, परिवार और समाज के लिए अत्यंत हानिकारक हैं। उन्होंने आमजनों से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के रहिवासियो को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति आवश्यक है। इसमें प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सोनी कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग तेजी से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन की ओर आकर्षित हो रहे है। चिंता की बात यह है कि स्कूली छात्र भी तंबाकू सेवन की चपेट में आ रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तंबाकू उत्पादों के विपणन एवं बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जानी चाहिए तथा केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं को ही इसकी बिक्री की अनुमति दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि तंबाकू निषेध एवं नशा मुक्ति को लेकर विद्यालयों, पंचायतों तथा सामुदायिक स्तर पर नियमित जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है, ताकि बच्चों एवं युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में तंबाकू एवं नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *